West Bengal Assembly Election 2021: फुरफुरा शरीफ के पीरजादा अब्बास सिद्दीकी की पार्टी इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आइएसएफ) के कांग्रेस और वामो गठबंधन में शामिल होगी या नहीं, यह अंतत: सीटों के बंटवारे पर ही निर्भर करेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने मंगलवार को भले संवाददाता सम्मेलन कर (आइएसएफ) के गठबंधन में शामिल होने के संकेत दिए हों, लेकिन अब्बास सिद्दीकी साफ शब्दों में कह चुके हैं कि जब तक सीटों को लेकर स्थिति साफ नहीं होगी, तब तक वे इसमें आगे नहीं बढ़ेंगे। अब्बास सिद्दीकी खुले तौर पर 50 सीटों की भी मांग कर चुके हैं। सूत्रों की मानें तो गठबंधन आइएसएफ को 25 से 30 सीटें देना चाहता है। अब्बास सिद्दीकी को मनाने की जिम्मेदारी कांग्रेस ने पार्टी विधायक व बंगाल विधानसभा में विरोधी दल के नेता अब्दुल मन्नान तो वामो ने पूर्व माकपा सांसद मोहम्मद सलीम को सौंपी है। दोनों ही मुस्लिम चेहरा हैं। पता चला है कि बुधवार रात ही दोनों अब्बास सिद्दीकी के साथ बैठक कर उन्हें मनाने की कोशिश करेंगे। वे इसमें कितना सफल हो पाते हैं, ये तो समय ही बताएगा।